बलरामपुर के विकास भवन परिसर में आने वाले अधिकारियों, कर्मचारियों और आम नागरिकों को अब खानपान के लिए बाहर नहीं जाना पड़ेगा। परिसर में नवनिर्मित मॉडल प्रेरणा कैंटीन का उद्घाटन जिलाधिकारी डॉ. विपिन कुमार जैन एवं मुख्य विकास अधिकारी हिमांशु गुप्ता की उपस्थिति में किया गया।
इस कैंटीन को शुरू करने का उद्देश्य विकास भवन में कार्यरत कर्मचारियों के साथ-साथ विभिन्न सरकारी कामों के लिए आने वाले नागरिकों को एक ही परिसर में खानपान की सुविधा उपलब्ध कराना है। इससे लोगों को कार्यालय परिसर में ही सुविधाजनक व्यवस्था मिल सकेगी।
उद्घाटन के दौरान जिलाधिकारी ने कहा कि सरकारी कार्यालयों में आने वाले लोगों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना आवश्यक है। मॉडल प्रेरणा कैंटीन इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने कैंटीन में स्वच्छता बनाए रखने, खाद्य सामग्री की गुणवत्ता सुनिश्चित करने और व्यवस्थाओं को सुव्यवस्थित रखने के निर्देश दिए।
यह भी पढ़ें : बलरामपुर में 15 हजार युवाओं ने मतदाता बनने के लिए भरा फॉर्म-6
वहीं, मुख्य विकास अधिकारी हिमांशु गुप्ता ने कैंटीन के माध्यम से कर्मचारियों और आगंतुकों को बेहतर खानपान सुविधा मिलने की बात कही। उन्होंने साफ-सफाई, गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री और अच्छी सेवा व्यवस्था पर विशेष ध्यान देने की आवश्यकता बताई।
मॉडल प्रेरणा कैंटीन की शुरुआत से विकास भवन आने वाले लोगों को सुविधा मिलेगी। इसे परिसर में जनसुविधाओं को बेहतर बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
