बलरामपुर में तालाब में फंसी फिशिंग कैट, वन विभाग ने नाव से पहुंचकर किया रेस्क्यू

बलरामपुर जिले के महराजगंज तराई क्षेत्र के बरगदही गांव में सोमवार दोपहर एक फिशिंग कैट तालाब में गिरकर फंस गई। जंगली जानवर को तालाब में फंसा देखकर ग्रामीणों में हलचल मच गई। सूचना मिलने पर वन विभाग और स्थानीय पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद उसे सुरक्षित बाहर निकाला।





जानकारी के अनुसार, गांव निवासी राजन सिंह के तालाब में सोमवार दोपहर करीब 12:30 बजे एक जंगली जानवर के फंसे होने की जानकारी मिली। उसे देखने के लिए आसपास के लोग भी मौके पर जुटने लगे। तालाब नौखान के उस पार होने के कारण वन विभाग और पुलिस की टीम को वहां तक पहुंचने के लिए नाव का सहारा लेना पड़ा।


मौके पर पहुंचने के बाद वनकर्मियों ने सावधानीपूर्वक रेस्क्यू अभियान शुरू किया। काफी प्रयासों के बाद फिशिंग कैट को सुरक्षित तालाब से बाहर निकाल लिया गया। इसके बाद वन विभाग की टीम उसे अपने साथ रेंज कार्यालय ले गई।


यह भी पढ़ें: बलरामपुर के मेजर चौराहे पर भव्य आरती का आयोजन, नवरात्रि अष्टमी पर उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़



बहरवा रेंज के रेंजर बृजेश सिंह परमार के अनुसार, रेस्क्यू किया गया जानवर नर फिशिंग कैट है और उसकी उम्र करीब तीन वर्ष है। वह जंगल से भटककर तालाब में गिर गया था। उसका स्वास्थ्य परीक्षण कराया गया है। उसे मंगलवार को सोहेलवा जंगल में छोड़े जाने की जानकारी दी गई।


वन विभाग ने लोगों से अपील की है कि तेंदुआ, फिशिंग कैट या कोई अन्य जंगली जानवर दिखाई देने पर उसके पास न जाएं और न ही उसे घेरने, भगाने या परेशान करने की कोशिश करें। ऐसी स्थिति में तुरंत वन विभाग या पुलिस को सूचना दें, ताकि किसी भी अप्रिय घटना से बचा जा सके।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.