खलीलाबाद से सिद्धार्थनगर, बलरामपुर, श्रावस्ती होते हुए बहराइच तक बनने वाली 240 किलोमीटर लंबी नई रेललाइन परियोजना ने रफ्तार पकड़ ली है। परियोजना को तीन चरणों में पूरा किया जा रहा है।
करीब 4,940 करोड़ रुपये की इस परियोजना पर मार्च 2026 तक 1,525 करोड़ रुपये खर्च किए जा चुके हैं। वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए 686 करोड़ रुपये का बजट रखा गया है। रेलवे ने इस परियोजना को ‘स्पेशल रेलवे प्रोजेक्ट’ के रूप में अधिसूचित किया है।
परियोजना के बांसी-इकौना के बीच 120 किलोमीटर हिस्से में भूमि अधिग्रहण शुरू हो चुका है। वहीं, खलीलाबाद-बांसी के 54 किलोमीटर हिस्से में मिट्टी भराई, पुलों और स्टेशनों का निर्माण शुरू हो गया है। इकौना-बहराइच के 66 किलोमीटर हिस्से में भी भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया चल रही है।
रेललाइन पूरी होने के बाद बहराइच, श्रावस्ती, बलरामपुर, उतरौला और डुमरियागंज जैसे क्षेत्रों को बेहतर रेल कनेक्टिविटी मिलेगी। इससे यात्रियों के साथ-साथ व्यापार, शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार के क्षेत्र में भी सुविधाएं बढ़ने की उम्मीद है।
