बलरामपुर में आपातकालीन स्थिति में सुरक्षा और बचाव व्यवस्था को परखने के लिए रविवार, 22 नवंबर को भगवतीगंज चौराहे पर मॉक ड्रिल आयोजित की जाएगी। शाम 6 बजे दो मिनट तक चेतावनी सायरन बजाया जाएगा, जिसके बाद तीन मिनट का ब्लैकआउट रहेगा। इस दौरान बिजली आपूर्ति बंद कर बचाव कार्यों का अभ्यास किया जाएगा।
मॉक ड्रिल के दौरान आग बुझाने, मलबे में फंसे लोगों को निकालने, प्राथमिक उपचार देने और घायलों को एंबुलेंस से अस्पताल पहुंचाने का अभ्यास होगा। तैयारियों को लेकर प्रभारी जिलाधिकारी हिमांशु गुप्ता ने संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक कर जिम्मेदारियां तय की हैं।
प्रशासन ने जनपदवासियों से 22 नवंबर को शाम 6 बजे अपने घरों, दुकानों और प्रतिष्ठानों की लाइट बंद रखने की अपील की है। इन्वर्टर, टॉर्च और मोबाइल फ्लैशलाइट का इस्तेमाल न करने तथा खिड़की-दरवाजों से बाहर रोशनी न निकलने देने को कहा गया है। लोगों से घरों के अंदर रहने और मॉक ड्रिल के दौरान स्वयंसेवकों के निर्देशों का पालन करने की अपील की गई है।
