उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की माता सावित्री देवी का 91 वर्ष की आयु में निधन हो गया। उन्होंने उत्तराखंड के पौड़ी गढ़वाल जिले के अपने पैतृक गांव पंचूर में अंतिम सांस ली। उनके निधन की जानकारी पौड़ी के एसएसपी सर्वेश कुमार ने दी। जिला सूचना अधिकारी योगेश पोखरियाल ने भी इसकी पुष्टि की है।
जानकारी के मुताबिक, सावित्री देवी पंचूर गांव में ही रह रही थीं। तबीयत बिगड़ने पर डॉक्टर को भी बुलाया गया था, लेकिन उन्हें बचाया नहीं जा सका। निधन की खबर मिलते ही गांव में शोक का माहौल है और परिजनों से मिलने के लिए लोगों का पहुंचना शुरू हो गया है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सात भाई-बहनों में दूसरे नंबर पर हैं। उनके परिवार के अन्य सदस्य उत्तराखंड के पंचूर गांव में ही रहते हैं। मुख्यमंत्री समय-समय पर अपने पैतृक गांव पहुंचकर माता से मुलाकात करते और उनका हालचाल लेते रहे थे। फरवरी 2026 और मई 2022 में भी उन्होंने गांव पहुंचकर अपनी माता से मुलाकात की थी।
इससे पहले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के पिता आनंद सिंह बिष्ट का 20 अप्रैल 2020 को निधन हो गया था। उस समय कोरोना संक्रमण के कारण मुख्यमंत्री उनके अंतिम संस्कार में शामिल नहीं हो सके थे।
