हरिद्वार में रामलीला मंचन के दौरान जेल से दो कैदी फरार हो गए। शुक्रवार रात दोनों वानर का रोल निभा रहे थे। माता सीता को खोजने का प्रसंग चल रहा था। वानर सेना माता सीता की खोज के लिए निकली थी।
यह भी पढ़ें : Balrampur News: 14 से 27 तक इंटरसिटी एक्सप्रेस समेत कई ट्रेनें रद्द
मौका मिलते ही दोनों कैदी निर्माणाधीन हाई-सिक्योरिटी बैरक के पास पहुंचे। वहां रखी सीढ़ी के सहारे जेल की 22 फीट ऊंची दीवार फांदकर भाग गए। जेल के अफसरों को घटना का पता उस वक्त चला, जब कैदियों को गिनती हुई। इसके बाद रातभर खोजबीन हुई, लेकिन दोनों कैदियों का पता नहीं चला। घटना रोशनाबाद जेल की है। जेल 8 से 10 एकड़ में फैली है। यहां करीब 1400 कैदी हैं।
कैदियों की पहचान उत्तराखंड के रुड़की निवासी पंकज और यूपी के गोंडा के रहने वाले राजकुमार के रूप में हुई है। पंकज हत्या के केस में उम्रकैद की सजा काट रहा था। बाल्मीकी ग्रुप से भी जुड़ा हुआ है। वहीं, राजकुमार अपहरण के मामले में विचाराधीन है।
CCTV खंगाले, लेकिन कैदियों का पता नहीं चला
जेल प्रशासन के एक सीनियर अफसर ने बताया- रामलीला खत्म होने के बाद कैदियों की गिनती कर बैरक के अंदर किया जा रहा था। इस दौरान दो कैदी कम पाए गए। इसके बाद जेल के अंदर उनकी तलाश की गई। देर रात तक जेल प्रशासन अपने स्तर पर कैदियों को तलाश करता रहा। जेल में लगे CCTV के फुटेज खंगाल गए। मगर कैदियों का पता नहीं चला। इसके बाद पुलिस को सूचना दी।
यह भी पढ़ें : इस रंग के राशन कार्ड धारकों को महीने में दो बार मिलेगा राशन, सरकार ने योजना में किया बड़ा बदलाव
रामलीला देखने में व्यस्त थे कर्मचारी
एक कैदी ने बताया- जब दोनों कैदी भागे, उस वक्त जेल प्रशासन के कर्मचारी रामलीला देखने में व्यस्त थे। दोनों कैदी सीढ़ी लगाकर जेल से फरार हुए। रातभर हरिद्वार पुलिस और जेल प्रशासन कैदियों की तलाश में जुटा रहा। कैदियों की एक्टिविटी कई दिनों से संदिग्ध लग रही थी। वह कई दिनों से फरार होने की फिराक में थे।
SSP बोले- दबिश डाली, लेकिन कहीं पता नहीं चला
SSP हरिद्वार परमेंद्र डोभाल ने बताया- आज सुबह 6 बजे पुलिस कंट्रोल रूम पर दो कैदियों के फरार होने की सूचना मिली। इसके बाद पुलिस ने आसपास के क्षेत्र में दबिश डाली, लेकिन दोनों का पता नहीं चला। रामलीला मंचन का फायदा उठाकर दोनों कैदी भाग गए। मामले की गंभीरता को देखते हुए सिडकुल थाने में मुकदमा दर्ज किया गया है। दोनों कैदियों की तलाश की जा रही है।