Balrampur News: 3.20 करोड़ रुपए की लागत से बनेगा तुलसीपुर-हर्रैया को जोड़ने वाला कठरिहवा पुल

तुलसीपुर-हर्रैया को जोड़ने वाला मार्ग खैरी के पास स्थित कठरिहवा पुल के निर्माण को लेकर क्षेत्रवासियों का लंबा इंतजार आखिरकार खत्म हो गया। 3 करोड़ 20 लाख रुपये की लागत से यहां नए पुल का निर्माण कराया जाएगा। नए पुल से न केवल आवागमन सुरक्षित होगा, बल्कि भारत-नेपाल सीमावर्ती क्षेत्र और बहराइच आवागमन आसान होगा। पीडब्ल्यूडी ने पुराने जर्जर पुल को तोड़ने का काम शुरू कर दिया है।







तेज बरसात के चलते कठरिहवा पुल के पिलर में दरार आ गई थी। स्थिति को देखते हुए पीडब्ल्यूडी ने नौ जुलाई से पुल के दोनों ओर दीवार खड़ी कर आवागमन पूरी तरह बंद कर दिया था। इसके बाद बगल के बाईपास मार्ग से यातायात कराया जा रहा था, जिससे दूरी और समय दोनों बढ़ गए थे। नए पुल के निर्माण के लिए धनराशि जारी होने के बाद क्षेत्रवासियों ने राहत की सांस ली है। लोगों का कहना है कि इससे न सिर्फ सफर आसान होगा, बल्कि व्यापार, शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं तक पहुंच भी बेहतर होगी। कठरिहवा पुल भारत-नेपाल सीमा से सटे इलाकों और बहराइच जिले को जोड़ने वाली अहम कड़ी है। पुल बनने से सीमावर्ती गांवों का संपर्क मजबूत होगा और आवागमन सुरक्षित बनेगा।


यह मार्ग बारदौलिया बाजार, चौधरीडीह, मणिपुर बाजार, महमूद नगर, लाल नगर और पिपरहवा बाजार जैसे प्रमुख व्यापारिक केंद्रों को जोड़ता है। इस रास्ते से प्रतिदिन छोटे-बड़े वाहनों के साथ लगभग 200 से अधिक गांवों के लोग आवागमन करते हैं। पुल के जर्जर होने से लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा था।


बरसात से पहले पूरा होगा काम

पुल निर्माण के लिए बजट जारी कर दिया गया है। बरसात से पहले निर्माण कार्य पूरा कर आवागमन शुरू करा दिया जाएगा - रवि यादव, जेई पीडब्ल्यूडी

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.