बलरामपुर जिलें में ललिया थाना क्षेत्र अंतर्गत कोड़री चौराहे पर स्थित एक गैस सिलेंडर की दुकान में अचानक भीषण आग लग गई.
शुक्रवार यानी 27 फरवरी की रात करीब 10:30 बजे आग लगते ही दुकान में रखे गैस सिलेंडर तेज धमाकों के साथ एक-एक कर फटने लगे, जिससे पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल हो गया.
गैस सिलेंडर के तेज धमाकों की आवाज काफी दूर तक सुनाई दी, जिसके चलते आसपास के लोगों में दहशत फैल गई. घटना के बाद स्थानीय निवासियों ने तत्काल पुलिस और फायर ब्रिगेड को सूचना दी.
सूचना मिलते ही पुलिस व दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाने के साथ राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया. यह खबर लिखे जाने तक किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है. आग लगने के कारणों और नुकसान का आकलन किया जा रहा है.
