बलरामपुर में निर्वाचन ड्यूटी के दौरान जूनियर इंजीनियर (जेई) के साथ मारपीट का मामला अब गंभीर मोड़ पर पहुंच गया है। प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई करते हुए संबंधित लाइनमैन को सेवा से बर्खास्त कर दिया है, जबकि उसकी पत्नी के खिलाफ मारपीट और जान से मारने की धमकी देने के आरोप में एफआईआर दर्ज की गई है।
यह घटना 23 फरवरी को विकासखंड हरैया सतघरवा के चौधरीडीह पंचायत भवन में हुई थी, जहां अवर अभियंता अजीत सिंह निर्वाचन कार्य में तैनात थे।
निर्वाचन ड्यूटी के दौरान हुआ विवाद
जानकारी के अनुसार, 33/11 केवी विद्युत उपकेंद्र हरैया सतघरवा में तैनात अवर अभियंता अजीत सिंह को चुनाव आयोग द्वारा सहायक निर्वाचक रजिस्ट्री अधिकारी के रूप में नियुक्त किया गया था। घटना वाले दिन शाम करीब 4:40 बजे लाइनमैन रामरंग उर्फ मिश्रीलाल की पत्नी सुमन पंचायत भवन स्थित कक्ष में पहुंचीं और अपने पति की उपस्थिति दर्ज कराने को लेकर विवाद करने लगीं।
जेई का कहना है कि उन्होंने स्पष्ट किया कि वह उस समय निर्वाचन रजिस्टर से संबंधित कार्य में व्यस्त हैं, लेकिन इसके बावजूद महिला ने उनके साथ अभद्रता शुरू कर दी।
कॉलर पकड़कर मारपीट और धमकी का आरोप
अवर अभियंता अजीत सिंह ने अपनी शिकायत में आरोप लगाया है कि महिला ने उनका कॉलर पकड़ लिया और मुक्कों व दांतों से हमला किया। इस दौरान उन्हें चोटें आईं और जान से मारने की धमकी भी दी गई। घटना का वीडियो मौके पर मौजूद लोगों ने बना लिया, जो बाद में सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।
वीडियो सामने आने के बाद मामला तेजी से चर्चा में आ गया। हालांकि, दोनों पक्षों की ओर से एक-दूसरे पर आरोप लगाए जा रहे हैं
यह भी पढ़ें: बलरामपुर में अवर अभियंता की सरेआम पिटाई, लाइनमैन की पत्नी पर आरोप, वीडियो वायरल
विभागीय जांच में सामने आई लापरवाही
प्रशासन द्वारा कराई गई तथ्यात्मक जांच में यह भी सामने आया कि लाइनमैन रामरंग उर्फ मिश्रीलाल की ओर से विभागीय कार्यों में लगातार लापरवाही बरती जा रही थी। वह महमूदनगर फीडर पर तैनात था और अक्सर बिना सूचना के अनुपस्थित रहता था। ओटीएस (वन टाइम सेटलमेंट) योजना के तहत सौंपे गए कार्यों को भी समय पर पूरा नहीं किया जा रहा था, जिससे विभागीय कार्य प्रभावित हो रहे थे।
लाइनमैन बर्खास्त, पत्नी पर मुकदमा
जांच रिपोर्ट के आधार पर मुख्य अभियंता ने नियमानुसार कार्रवाई करते हुए लाइनमैन रामरंग को तत्काल प्रभाव से सेवा से बर्खास्त कर दिया। वहीं, जेई से मारपीट और धमकी देने के मामले में उसकी पत्नी सुमन के खिलाफ संबंधित थाने में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
पुलिस जांच में जुटी
पुलिस ने जेई की तहरीर, वायरल वीडियो और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान के आधार पर जांच शुरू कर दी है। थाना प्रभारी के अनुसार, सभी तथ्यों की गहनता से जांच की जा रही है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
प्रशासन की सख्त चेतावनी
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि निर्वाचन जैसे संवेदनशील कार्य के दौरान सरकारी अधिकारियों के साथ दुर्व्यवहार और कार्य में बाधा डालना गंभीर अपराध है। ऐसे मामलों में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
