बलरामपुर जिलें के संयुक्त जिला चिकित्सालय में स्थित पोस्टमार्टम हाउस की बदहाली अब जल्द दूर होने वाली है। अटल स्वशासी चिकित्सा महाविद्यालय के अधीन संचालित पोस्टमार्टम हाउस को आधुनिक संसाधनों से लैस करने और भवन की मरम्मत के लिए 39 लाख 34 हजार 484 रुपये की वित्तीय स्वीकृति प्रदान की गई है.
स्वीकृति मिलने के बाद अब शीघ्र ही निविदा प्रक्रिया पूरी कर कार्य शुरू कराया जाएगा। पोस्टमार्टम हाउस के आधुनिक होने से रिपोर्ट तैयार करने में हो रही देरी की समस्या काफी हद तक समाप्त हो जाएगी।
वर्ष 2017 से संचालित है संयुक्त जिला चिकित्सालय
संयुक्त जिला चिकित्सालय का संचालन वर्ष 2017 में शुरू हुआ था। तभी से यहां पोस्टमार्टम हाउस भी कार्यरत है। इससे पहले जनपद गठन वर्ष 1997 के बाद लगभग 20 वर्षों तक जिले में मृत्यु के मामलों में शवों को देवीपाटन मंडल मुख्यालय गोंडा स्थित पोस्टमार्टम हाउस ले जाना पड़ता था।
पिछले करीब नौ वर्षों से यह परेशानी समाप्त हो चुकी है। वर्तमान में जिले के 14 थाना क्षेत्रों में सड़क दुर्घटना, हत्या, आत्महत्या या अन्य अप्रिय घटनाओं में मृत्यु होने पर शवों का पोस्टमार्टम यहीं किया जाता है। हालांकि संचालन के बावजूद आवश्यक संसाधनों की कमी बनी हुई थी, जिसे अब दूर किया जाएगा।
इन आधुनिक संसाधनों की होगी खरीद
स्वीकृत बजट से पोस्टमार्टम हाउस में कई जरूरी उपकरण और सुविधाएं खरीदी जाएंगी, जिनमें प्रमुख रूप से—
डेढ़ टन एयर कंडीशनर – ₹70,800
मर्चरी के लिए साढ़े चार टन एयर कंडीशनर – ₹1,77,000
सीसीटीवी कैमरे – ₹1,99,360
ट्रे, बाल्टी, उपकरण ट्रॉली – ₹35,400
स्टील अलमारी – ₹17,700
कार्यालय मेज – ₹17,700
प्रिंटर – ₹35,400
ऑटोमेशन, लैमिनेशन व जीरॉक्स मशीन – ₹1,77,000
शव रखने के लिए डीप फ्रीजर – ₹1,98,240
पोस्टमार्टम सीलिंग लाइट – ₹1,94,700
रिवॉल्विंग चेयर – ₹14,160
स्ट्रेचर – ₹52,911
विभिन्न प्रकार की नीडल्स – ₹52,911
इलेक्ट्रिक हड्डी आरा मशीन – ₹1,99,420
जल्द शुरू होगी उपकरण खरीद प्रक्रिया
मुख्य चिकित्साधीक्षक डॉ. राजकुमार वर्मा ने बताया कि पोस्टमार्टम हाउस के लिए आवश्यक संसाधनों की खरीद हेतु बजट स्वीकृत हो चुका है। जल्द ही टेंडर प्रक्रिया पूरी कर आधुनिक उपकरणों की खरीद की जाएगी। इससे पोस्टमार्टम प्रक्रिया अधिक सुचारु, सुरक्षित और समयबद्ध हो सकेगी।
