सीएम योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को बलरामपुर के तुलसीपुर स्थित देवीपाटन मंदिर पहुंचकर चैत्र नवरात्रि के सप्तमी अवसर पर मां पाटेश्वरी के दर्शन किए। इस दौरान उन्होंने पूरे विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि और शांति के लिए विशेष अनुष्ठान में भाग लिया।
निर्धारित समय से कुछ देर बाद मंदिर पहुंचने पर मुख्यमंत्री का स्थानीय प्रशासन और मंदिर प्रबंधन द्वारा स्वागत किया गया। पूजा के उपरांत उन्होंने पीर रतननाथ जी दलीचे पर भी मत्था टेककर क्षेत्र की आध्यात्मिक परंपराओं के प्रति अपनी आस्था व्यक्त की। इसके बाद वे मंदिर परिसर स्थित आवास में चल रहे धार्मिक कार्यक्रम में शामिल हुए।
मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। उनके मंदिर में रहने के दौरान कुछ समय के लिए आम श्रद्धालुओं के प्रवेश पर रोक लगाई गई थी, लेकिन उनके जाने के बाद व्यवस्थाएं सामान्य हो गईं और दर्शन सुचारू रूप से शुरू हो गए।
यह भी पढ़ें : तुलसीपुर में स्थित देवीपाटन मंदिर में होगा भव्य दीपोत्सव एवं लेजर लाइट शो का आयोजन, जाने पूरी डिटेल
दौरे के दौरान एडीजी गोरखपुर जोन, मंडलायुक्त, जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे और व्यवस्थाओं पर नजर बनाए रखी। मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी रही।
कुछ समय प्रवास के बाद मुख्यमंत्री अन्य कार्यक्रमों के लिए रवाना हो गए।
