बलरामपुर जिलें में यूपी बोर्ड गणित परीक्षा में सामूहिक नकल का वीडियो वायरल, केस दर्ज

बलरामपुर जिलें में यूपी बोर्ड हाईस्कूल गणित परीक्षा के दौरान सामूहिक नकल का एक वीडियो सामने आया है. इस मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने कोतवाली देहात थाना में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।




यह मामला पब्लिक सिटी मांटेसरी उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के परीक्षा केंद्र से जुड़ा बताया जा रहा है। जानकारी के अनुसार 27 फरवरी को पहली पाली में हाईस्कूल गणित की परीक्षा आयोजित की गई थी। इसी दौरान कक्ष संख्या-8 में तैनात कक्ष निरीक्षक परीक्षार्थियों को पर्चियों से उत्तर लिखवाते हुए कैमरे में कैद हो गए।


बताया जा रहा है कि एक छात्र ने अपने मोबाइल फोन से यह वीडियो रिकॉर्ड किया और बाद में इसे अधिकारियों तक पहुंचा दिया। वीडियो सामने आने के बाद मृदुला आनंद ने मामले की जांच के आदेश दिए।


जांच के लिए डॉ. चंदन कुमार पांडेय को नामित किया गया। जांच में केंद्र व्यवस्थापक श्रवण कुमार शुक्ल, आंतरिक सचल दल और कक्ष निरीक्षकों की लापरवाही सामने आई, जिससे परीक्षा की निष्पक्षता प्रभावित हुई।


जांच रिपोर्ट मिलने के बाद शिक्षा विभाग की अनुमति से बाह्य केंद्र व्यवस्थापक मधुसूदन पासवान की तहरीर पर देहात कोतवाली में मुकदमा दर्ज किया गया। यह मामला केंद्र व्यवस्थापक, आंतरिक सचल दल और कक्ष निरीक्षक के खिलाफ दर्ज हुआ है।प्रभारी निरीक्षक गिरजेश तिवारी ने बताया कि पूरे प्रकरण की गहन जांच की जा रही है।


सीसीटीवी और कंट्रोल रूम की निगरानी पर भी सवाल


इस घटना के बाद परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी कई सवाल उठने लगे हैं। यूपी बोर्ड परीक्षा के दौरान हर केंद्र पर सीसीटीवी कैमरों और कंट्रोल रूम से निगरानी की व्यवस्था होने का दावा किया जाता है। ऐसे में सवाल उठ रहा है कि उस समय कैमरे बंद थे या कैमरे चालू होने के बावजूद यह गतिविधि निगरानी में क्यों नहीं आ सकी।


स्टैटिक और जोनल मजिस्ट्रेट की भूमिका पर भी सवाल


बोर्ड परीक्षा में नकल रोकने के लिए स्टैटिक मजिस्ट्रेट, जोनल मजिस्ट्रेट और सचल दल की तैनाती की जाती है। इसके अलावा एसडीएम, एडीएम और डीएम स्तर तक कंट्रोल रूम से निगरानी का दावा किया जाता है। इसके बावजूद परीक्षा कक्ष में सामूहिक नकल और मोबाइल से वीडियो बनना पूरे निगरानी तंत्र पर सवाल खड़े कर रहा है।


इस घटना के बाद जिले में परीक्षा केंद्रों की सुरक्षा और निगरानी व्यवस्था को लेकर चर्चा तेज हो गई है। शिक्षा विभाग का कहना है कि दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.