बलरामपुर जिले में होली का पर्व शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न होने के बाद गुरुवार को प्रशासनिक अधिकारियों और पुलिसकर्मियों ने भी रंगों का त्योहार उत्साह के साथ मनाया। पुलिस लाइन बलरामपुर से लेकर जिले के विभिन्न थानों तक पुलिसकर्मियों ने एक-दूसरे को अबीर-गुलाल लगाकर और मिठाइयां बांटकर होली की खुशियां साझा कीं।
होली के बाद प्रशासनिक माहौल भी उत्सवमय नजर आया। विपिन कुमार जैन के आवास पर होली मिलन कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें जिले के कई वरिष्ठ अधिकारी शामिल हुए। सभी ने एक-दूसरे को गुलाल लगाकर होली की बधाई दी और आपसी सौहार्द का संदेश दिया।
इस दौरान जिलाधिकारी विपिन कुमार जैन और विकास कुमार ने भी अधिकारियों के साथ होली के रंग में रंगते हुए गीत गाए, जिससे कार्यक्रम का माहौल और भी खुशनुमा हो गया।
कार्यक्रम में दोनों अधिकारियों ने लोकप्रिय गीत सूरत आपकी सुभानल्लाह की धुन पर सुर मिलाए, जिसे सुनकर मौजूद अधिकारी झूम उठे। इसके बाद दूल्हे का सेहरा सुहाना लगता है जैसे प्रसिद्ध गीतों पर भी अधिकारी थिरकते नजर आए।
होली मिलन समारोह में डॉ. मुकेश रस्तोगी, एडीएम, एएसपी, विभिन्न सर्किल के सीओ समेत कई प्रशासनिक और पुलिस अधिकारी मौजूद रहे। सभी ने एक-दूसरे को गुलाल लगाकर होली की शुभकामनाएं दीं और आपसी भाईचारे व सौहार्द का संदेश दिया।
