बलरामपुर जिले के देहात थाना क्षेत्र के बेला गांव में बुधवार दोपहर अचानक लगी भीषण आग ने भारी तबाही मचा दी। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और 12 फूस के मकान जलकर पूरी तरह नष्ट हो गए। हादसे में करीब 6 मवेशियों की मौत हो गई, जबकि लाखों रुपये के नुकसान का अनुमान लगाया जा रहा है।
ग्राम प्रधान उमेश यादव के अनुसार आग की शुरुआत पूरन पासवान के घर से दोपहर करीब 12 बजे हुई। तेज हवा और सूखे फूस के कारण लपटें तेजी से फैलती चली गईं। पूरन के घर में खड़ी बाइक, घरेलू सामान और तीन बकरियां आग में जल गईं।
कुछ ही देर में आग ने आसपास के कई घरों को अपनी चपेट में ले लिया। धर्मेंद्र पासवान, भूरे पासवान, अजीत, अनोखी, रामदुलारी, पारस, जोगिंदर, इंद्रेश और सूरज पासवान समेत कई परिवारों का सबकुछ जलकर राख हो गया। धर्मेंद्र के घर में रखा जरूरी सामान, कपड़े और नकदी पूरी तरह नष्ट हो गए, वहीं भूरे पासवान की बकरियां भी इस हादसे में नहीं बच सकीं।
सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और ग्रामीणों के सहयोग से काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। लेखपाल अजय प्रकाश ने बताया कि नुकसान का आकलन किया जा रहा है और रिपोर्ट उपजिलाधिकारी को भेजी जाएगी, ताकि पीड़ित परिवारों को जल्द से जल्द सरकारी सहायता मिल सके।
घटना के बाद गांव में दुख का माहौल है। कई परिवारों के सिर से छत छिन गई है और वे अब मदद की उम्मीद लगाए बैठे हैं।
x
