सीबीएसई हाईस्कूल परीक्षा 2026 के परिणाम में बलरामपुर जिले के विद्यार्थियों ने शानदार सफलता दर्ज की। सेंट जेवियर्स सीनियर सेकेंडरी स्कूल के ईशान टंडन और अक्षिता द्विवेदी ने 98.8 प्रतिशत अंक हासिल कर संयुक्त रूप से जिला टॉपर बनने का गौरव प्राप्त किया। परिणाम घोषित होने के बाद स्कूलों में खुशी का माहौल रहा और शिक्षकों व अभिभावकों ने विद्यार्थियों को बधाई दी।
जिले के 12 स्कूलों के कुल 1026 पंजीकृत विद्यार्थियों में से 1018 ने परीक्षा दी, जिनमें करीब 96 प्रतिशत छात्र सफल रहे। सेंट जेवियर्स स्कूल का परिणाम शत-प्रतिशत रहा, जहां सभी 178 विद्यार्थियों ने परीक्षा पास की। विद्यालय प्रबंधन के अनुसार 30 से अधिक विद्यार्थियों ने 90 प्रतिशत से ज्यादा अंक प्राप्त किए। निशांत शुक्ल (97.4), आरुष सिंह (97), अनिकेत अग्रवाल (96.4), समीक्षा श्रीवास्तव (96) और अनघ गुप्त (95.2) प्रमुख रहे।
पायनियर पब्लिक स्कूल का परिणाम भी शत-प्रतिशत रहा। यहां 80 में से सभी विद्यार्थी उत्तीर्ण हुए। अंश मिश्र ने 96.4, उन्नति ने 93.8, सूर्यांश गुप्त ने 93.2 और विष्णु तिवारी ने 90.8 प्रतिशत अंक प्राप्त किए। जवाहर नवोदय विद्यालय के सभी 43 छात्र सफल रहे, जिनमें नवनीत शर्मा (94), अंशिका चौधरी (93.3), शारदा (92.6), सिद्धिका चौरसिया (92.3) और राजवीर (91.3) प्रमुख रहे।
यह भी पढ़े: बलरामपुर में डीजल की कमी, पेट्रोल पंपों पर उमड़ी भीड़, अवकाश के चलते बाधित रही सप्लाई
केंद्रीय विद्यालय में 66 के 66 विद्यार्थियों ने सफलता हासिल की। अलंकृत पांडेय ने 95.6, माही मिश्रा ने 95.4 और कुंवर आशुतोष सिंह ने 93.2 प्रतिशत अंक प्राप्त किए। शारदा पब्लिक स्कूल के सभी 54 छात्र भी उत्तीर्ण हुए, जहां अविका जायसवाल (95.2), कुमार विराट (92.4), अब्दुल रहीम (90.6) और जानवी गुप्ता (90) ने बेहतर प्रदर्शन किया।
इसके अलावा आदिशक्ति मां पाटेश्वरी पब्लिक स्कूल, टायनी टाट्स स्कूल, सर्वोदय विद्यालय, फातिमा स्कूल, एमजे एक्टिविटी स्कूल और ब्लूमिंग वर्ड्स पब्लिक स्कूल में भी सीबीएसई परिणाम को लेकर विद्यार्थियों में उत्साह देखने को मिला।

