बलरामपुर जिले के राजपुर क्षेत्र में एक ज्वेलरी दुकानदार के साथ ठगी का मामला सामने आया है। दो अज्ञात युवकों ने चालाकी से नकली सोने की अंगूठी देकर करीब 55 हजार रुपए का सोने का लॉकेट ले लिया।
यह भी पढ़े 👉Balrampur News: शादियों के लिए बिना बुकिंग के मिलेंगे सिलिंडर, जाने पूरी डिटेल
घटना बुधवार शाम लगभग 4 बजे की है। राजपुर स्थित स्टेट बैंक के पास मौजूद प्रकाश ज्वैलर्स दुकान पर दो युवक पहुंचे। उन्होंने पहले मंगलसूत्र का लॉकेट देखने की इच्छा जताई। कई विकल्प देखने के बाद उन्होंने एक लॉकेट पसंद किया और उसका वजन व कीमत पूछी। दुकानदार ने इसकी कीमत 54,700 रुपए बताई इसके बाद युवकों ने सोना एक्सचेंज करने की बात कही और एक अंगूठी दिखाते हुए उसकी कीमत पूछी। दुकानदार ने वजन के आधार पर अंगूठी की कीमत करीब 57,500 रुपए आंकी। युवकों ने कहा कि वे इस अंगूठी के बदले लॉकेट ले लेंगे और बाकी बची रकम अगली खरीदारी में समायोजित कर देंगे। यह भरोसा दिलाते हुए कि वे दो-तीन दिन में फिर आएंगे, उन्होंने दुकानदार को राजी कर लिया।
दुकानदार ने अंगूठी रखकर उन्हें लॉकेट दे दिया। करीब 10 मिनट दुकान में रुकने के बाद दोनों युवक वहां से निकल गए। बाद में जब दुकानदार ने अंगूठी की जांच की, तो वह नकली निकली। इसके बाद उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचना दी सूचना मिलते ही राजपुर पुलिस मौके पर पहुंची और दुकान के सीसीटीवी फुटेज खंगाले। प्रारंभिक जांच में पता चला कि दोनों युवक पैदल आए थे, हालांकि शक है कि उन्होंने अपना वाहन कहीं दूर खड़ा किया होगा।
पुलिस के अनुसार, इससे पहले 13 अप्रैल 2026 को वाड्रफनगर के एक ज्वेलरी शॉप में भी ऐसा ही प्रयास किया गया था, लेकिन वहां दुकानदार को समय रहते शक हो गया और युवक ठगी करने में नाकाम रहे।
फिलहाल पुलिस दोनों संदिग्धों की तलाश कर रही है और आशंका जताई जा रही है कि वे बाहरी हो सकते हैं।
