30 जून को धूमधाम से मनाया जाएगा बलरामपुर नगर पालिका का 155वां स्थापना दिवस, कवि सम्मेलन और संगीत संध्या होगी आकर्षण का केंद्र

आदर्श नगर पालिका परिषद, बलरामपुर अपने 155वें स्थापना दिवस का भव्य आयोजन 30 जून 2026 (मंगलवार) को एम.एल.के. डिग्री कॉलेज ऑडिटोरियम में करेगी। दिनभर चलने वाले इस समारोह में सम्मान समारोह, सांस्कृतिक प्रस्तुतियां, संगीत संध्या और अखिल भारतीय कवि सम्मेलन का आयोजन होगा।






कार्यक्रम की शुरुआत सुबह 10 बजे उद्घाटन एवं सम्मान समारोह से होगी, जिसमें विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाले लोगों को सम्मानित किया जाएगा। शाम 4 बजे से सभासदों एवं नगर पालिका कर्मचारियों का सम्मान समारोह आयोजित होगा।




शाम 6 बजे से दिल्ली और स्थानीय कलाकारों की शानदार संगीत प्रस्तुतियां होंगी। इसके बाद रात्रि 8 बजे से देश के प्रसिद्ध कवियों, शायरों और साहित्यकारों की मौजूदगी में भव्य अखिल भारतीय कवि सम्मेलन एवं साहित्य-संगीत सम्मान समारोह आयोजित किया जाएगा।


समारोह में विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राएं भी रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत करेंगे। आयोजकों के अनुसार इस आयोजन का उद्देश्य नगर की सांस्कृतिक विरासत को नई पीढ़ी तक पहुंचाना और साहित्य, संगीत व कला को बढ़ावा देना है।


नगर पालिका परिषद ने सभी नगरवासियों से अधिक से अधिक संख्या में कार्यक्रम में शामिल होकर 155वें स्थापना दिवस समारोह को यादगार बनाने की अपील की है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.