बलरामपुर में 2 से 4 जुलाई तक होगी यूपीटीईटी-2026 परीक्षा, 2376 अभ्यर्थी होंगे शामिल

उत्तर प्रदेश शिक्षक पात्रता परीक्षा (यूपीटीईटी)-2026 का आयोजन जिले में 2, 3 और 4 जुलाई को छह परीक्षा केंद्रों पर किया जाएगा। तीन दिनों तक चलने वाली परीक्षा में 2376 अभ्यर्थी शामिल होंगे। परीक्षा को नकलविहीन और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रशासन ने व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की है।






अपर जिलाधिकारी एवं परीक्षा की नोडल अधिकारी ज्योति राय ने बताया कि जिले के छह परीक्षा केंद्रों पर परीक्षा दो और तीन जुलाई को दो पालियों तथा चार जुलाई को एक पाली में आयोजित होगी। सभी केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरों से निगरानी, स्टैटिक और सेक्टर मजिस्ट्रेट के साथ पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती रहेगी। उड़नदस्ते भी लगातार निरीक्षण करेंगे।


अभ्यर्थियों को परीक्षा शुरू होने से कम से कम डेढ़ घंटे पहले केंद्र पर पहुंचना होगा। प्रवेश पत्र के साथ आधार कार्ड, वोटर आईडी, पैन कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस या अन्य वैध फोटोयुक्त पहचान पत्र लाना अनिवार्य होगा। मोबाइल फोन, स्मार्ट वॉच, ब्लूटूथ, कैलकुलेटर और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण परीक्षा केंद्र में पूरी तरह प्रतिबंधित रहेंगे।


एडीएम ने बताया कि परीक्षा केंद्रों के आसपास सुरक्षा व्यवस्था कड़ी रहेगी और किसी भी प्रकार की नकल या अनुचित साधनों के प्रयोग पर तत्काल कार्रवाई की जाएगी। अभ्यर्थियों से समय से केंद्र पहुंचने और आयोग के सभी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की गई है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.