बलरामपुर जिलें के गैंडास बुजुर्ग थाना क्षेत्र में जलौनी की लकड़ी को लेकर हुए विवाद में एक व्यक्ति की मौत के मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और विवेचना के आधार पर मामले में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 105 (गैर इरादतन हत्या) के तहत कार्रवाई की गई है।
पुलिस के अनुसार, धुसवा बाजार निवासी सुद्धू कोरी ने पड़ोस में मायके आई महिला को अपने घर से जलौनी की लकड़ी ले जाने से मना किया था। इसी बात को लेकर कहासुनी के बाद मारपीट हो गई। आरोप है कि सितारा उर्फ पापा कोरी, अजय कोरी और संजय कुमार ने मिलकर सुद्धू कोरी की पिटाई कर दी। घायल सुद्धू रात में घर पहुंचे, जहां उनकी तबीयत बिगड़ने पर मौत हो गई।
पुलिस अधीक्षक विकास कुमार के निर्देश पर गठित टीम ने तीनों नामजद आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में मुख्य आरोपी ने मारपीट की बात स्वीकार करते हुए बताया कि लकड़ी को लेकर विवाद बढ़ने पर तीनों ने मिलकर सुद्धू को पीटा था।
पुलिस ने सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया। मामले की विवेचना जारी है।
