बलरामपुर जिले के तुलसीपुर में तहसील चौराहे के पास निर्माणाधीन ओवरब्रिज के दौरान क्षतिग्रस्त हुई पेयजल पाइपलाइन की मरम्मत न होने से भवानियापुर मोड़ मार्ग पर कई दिनों से पानी बह रहा है। लगातार जलभराव के कारण स्थानीय लोगों के साथ-साथ मां पाटेश्वरी देवीपाटन धाम जाने वाले श्रद्धालुओं को भी काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि ओवरब्रिज निर्माण के लिए की गई खुदाई के दौरान वाटर सप्लाई पाइपलाइन टूट गई थी। कई दिन बीत जाने के बाद भी इसकी मरम्मत नहीं कराई गई, जिससे सड़क पर लगातार पानी बह रहा है और पूरे मार्ग पर जलभराव की स्थिति बनी हुई है।
भवानियापुर मोड़ से प्रतिदिन हजारों श्रद्धालु मां पाटेश्वरी देवीपाटन धाम के दर्शन के लिए गुजरते हैं। सड़क पर जमा पानी से गुजरते वाहनों के छींटे पैदल यात्रियों और श्रद्धालुओं पर पड़ रहे हैं। इसके अलावा सड़क फिसलन भरी होने से दुर्घटना का खतरा भी बढ़ गया है।
स्थानीय नागरिकों ने नगर पंचायत प्रशासन से क्षतिग्रस्त पाइपलाइन की तत्काल मरम्मत और जल निकासी की समुचित व्यवस्था कराने की मांग की है।
नगर पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि अदनान फिरोज ने बताया कि ओवरब्रिज निर्माण के दौरान बार-बार पेयजल पाइपलाइन क्षतिग्रस्त हो रही है। जल्द ही पाइपलाइन की मरम्मत कराकर जलभराव की समस्या का समाधान कराया जाएगा।
