बलरामपुर जिले के रेल यात्रियों के लिए जुलाई माह में परेशानी बढ़ने वाली है। गोरखपुर-बलरामपुर-गोंडा रेल मार्ग पर संचालित इंटरसिटी सहित कई महत्वपूर्ण ट्रेनों का संचालन विभिन्न तिथियों में निरस्त रहेगा। वहीं कुछ ट्रेनों के मार्ग और गंतव्य में भी बदलाव किया गया है।
रेलवे के अनुसार, गोरखपुर-ऐशबाग इंटरसिटी एक्सप्रेस (अप एवं डाउन) का संचालन 7 से 11 जुलाई तक निरस्त रहेगा। इसके अलावा गोरखपुर-गोमतीनगर इंटरसिटी एक्सप्रेस 6 से 10 जुलाई तक रद्द रहेगी। वहीं बांद्रा-बलरामपुर एक्सप्रेस 5 जुलाई को संचालित नहीं होगी।
इसके अतिरिक्त 2 जुलाई को चलने वाली सुशासन एक्सप्रेस अपने निर्धारित गंतव्य ग्वालियर तक न जाकर केवल बलरामपुर से लखनऊ तक ही संचालित होगी।
इन ट्रेनों के निरस्त रहने से बलरामपुर, तुलसीपुर और आसपास के क्षेत्रों से लखनऊ व गोरखपुर की यात्रा करने वाले यात्रियों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ सकता है।
पूर्वोत्तर रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी सुमित कुमार के अनुसार, गोंडा कचहरी रेलवे स्टेशन पर लगभग पांच किलोमीटर लंबी नई रेललाइन को चालू करने के लिए टेस्टिंग कार्य किया जा रहा है। इसी कारण कुछ ट्रेनों का संचालन अस्थायी रूप से निरस्त किया गया है, जबकि कुछ ट्रेनों के मार्ग में भी बदलाव किया गया है।
