बलरामपुर जिले के उतरौला क्षेत्र में मंगलवार रात एक दुखद हादसा हो गया। श्री दुःख हरण नाथ मंदिर परिसर स्थित पोखरा में पैर फिसलने से 20 वर्षीय युवक की डूबकर मौत हो गई। घटना रात करीब 8 बजे की बताई जा रही है।
मृतक की पहचान अरुण कश्यप पुत्र घनश्याम कश्यप निवासी सुभाष नगर के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, अरुण मंदिर में दर्शन करने के बाद पोखरा में हाथ-पैर धो रहा था और जल भरने के दौरान उसका पैर फिसल गया, जिससे वह गहरे पानी में चला गया।
घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और युवक को बाहर निकालने का प्रयास शुरू किया। काफी देर की मशक्कत के बाद उसका शव पोखरा से बाहर निकाला जा सका।
सूचना मिलने पर उतरौला कोतवाली पुलिस भी मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र उतरौला पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि मामले में आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा रही है।
