बलरामपुर में गैस वेल्डिंग की दुकान में जोरदार धमाका, गैस टैंक फटा

बलरामपुर शहर के व्यस्त गोंडा-बलरामपुर मार्ग पर सोमवार शाम उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब नगर कोतवाली से करीब 100 मीटर दूर स्थित एक गैस वेल्डिंग की दुकान में अचानक तेज धमाका हो गया। घटना रानी धर्मशाला के पास स्थित अब्दुल हामिद की दुकान पर शाम लगभग 6:35 बजे हुई।






प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, विस्फोट इतना शक्तिशाली था कि कॉर्बेट गैस का टैंक पूरी तरह फट गया और उसके टुकड़े सड़क पर दूर तक जा गिरे। धमाके की आवाज पूरे इलाके में सुनाई दी, जिससे आसपास के दुकानदार और स्थानीय लोग घबराकर बाहर निकल आए।


राहत की बात यह रही कि घटना के समय कोई भी व्यक्ति विस्फोट की चपेट में नहीं आया। यदि उस समय दुकान के आसपास भीड़ होती या कोई राहगीर मौजूद होता, तो बड़ा हादसा हो सकता था।


धमाके के बाद दुकान से उठते धुएं को देखकर बड़ी संख्या में लोग मौके पर पहुंच गए। शुरुआत में लोगों को लगा कि किसी भारी वाहन का टायर फटा है, लेकिन बाद में गैस सिलेंडर में विस्फोट होने की जानकारी मिली।


स्थानीय व्यापारियों ने बताया कि गैस वेल्डिंग के काम में ऑक्सीजन और कॉर्बेट गैस टैंकों का उपयोग किया जाता है। धमाका इतना तेज था कि पास की एक दुकान में रखी अलमारी के शीशे भी टूट गए।


घटना के बाद कुछ समय तक इलाके में दहशत का माहौल बना रहा। स्थानीय लोगों ने घनी आबादी वाले क्षेत्रों में संचालित गैस वेल्डिंग दुकानों में सुरक्षा मानकों का सख्ती से पालन कराने की मांग की है। फिलहाल, पुलिस और संबंधित विभाग घटना के कारणों की जांच में जुटे हैं।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.