बलरामपुर जिले में लगातार हो रही बारिश के चलते तराई क्षेत्र में बाढ़ का खतरा गहराने लगा है। हरैया सतघरवा विकासखंड के इटैहिया गांव में हेंगहा पहाड़ी नाले का पानी आबादी तक पहुंच गया, जिससे गलियां, संपर्क मार्ग और विद्यालय परिसर जलमग्न हो गए। वहीं गैसड़ी क्षेत्र के धोबहा गांव में बूढ़ी राप्ती नदी के तेज कटाव ने ग्रामीणों की चिंता बढ़ा दी है।
इटैहिया गांव में जलभराव के कारण लोगों का जनजीवन प्रभावित हो गया है। मुख्य रास्तों पर घुटनों तक पानी भर जाने से ग्रामीणों को आने-जाने में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। विद्यालय परिसर में पानी भरने से बच्चों और शिक्षकों को भी दिक्कतें झेलनी पड़ीं।
ग्रामीणों का कहना है कि कुछ महीने पहले हेंगहा नाले की सफाई कराई गई थी, लेकिन अधूरा कार्य होने के कारण बारिश का पानी गांव में भर जाता है। साथ ही बनघुसरी-इटैहिया संपर्क मार्ग भी कई स्थानों पर क्षतिग्रस्त हो गया है, जिससे वाहनों की आवाजाही प्रभावित हो रही है।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए जिलाधिकारी डॉ. विपिन कुमार जैन, अपर जिलाधिकारी ज्योति राय और सदर एसडीएम हेमंत गुप्ता ने प्रभावित क्षेत्रों का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने ग्रामीणों से बातचीत कर समस्याओं की जानकारी ली और संबंधित विभागों को जल निकासी, नाले की सफाई तथा कटान रोकने के लिए आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।
