Balrampur News: बलरामपुर जिलें के झौहना गांव में एक ही परिवार के चार लोगों की मौत, मोबाइल वीडियो से बड़ा खुलासा; पुलिस जांच जारी

बलरामपुर जिले के कोतवाली देहात क्षेत्र के झौहना गांव के मजरा गोसाईंपुरवा में शुक्रवार देर शाम हुई दर्दनाक घटना ने पूरे इलाके को झकझोर दिया। घर के भीतर एक ही परिवार के चार सदस्य मृत मिले। मृतकों में 28 वर्षीय बजरंग गिरि, उनकी 25 वर्षीय पत्नी कोमल, तीन वर्षीय बेटी श्रद्धा और 10 माह का बेटा जयदीप शामिल हैं।





जांच के दौरान पुलिस को मृतक बजरंग गिरि के मोबाइल फोन से एक वीडियो क्लिप मिली है। अपर पुलिस अधीक्षक विशाल पांडेय के अनुसार यह वीडियो दोपहर करीब 3:10 बजे रिकॉर्ड किया गया था। वीडियो में बजरंग गिरि ने पत्नी और बच्चों की हत्या करने के बाद स्वयं आत्महत्या करने की बात कही है। पुलिस ने वीडियो को सुरक्षित कर फोरेंसिक जांच के लिए भेज दिया है।


घटनास्थल से पुलिस ने 315 बोर का एक तमंचा, 12 बोर का एक अन्य तमंचा तथा कई खोखे बरामद किए हैं। पुलिस का कहना है कि प्रथम दृष्टया मामला हत्या के बाद आत्महत्या का प्रतीत होता है, लेकिन अंतिम निष्कर्ष पोस्टमार्टम रिपोर्ट, फोरेंसिक जांच और अन्य साक्ष्यों के आधार पर ही निकाला जाएगा।


घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक विकास कुमार, अपर पुलिस अधीक्षक विशाल पांडेय, क्षेत्राधिकारी डी.के. श्रीवास्तव, कोतवाली देहात पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। पूरे घर को सील कर साक्ष्य जुटाए गए और जांच शुरू की गई।



यह भी पढ़ें : बलरामपुर में दिल दहला देने वाली घटना: एक ही परिवार के चार सदस्य मृत मिले, पुलिस हर पहलू की कर रही जांच




पुलिस मृतक के मोबाइल फोन, पारिवारिक परिस्थितियों, आर्थिक स्थिति और अन्य संभावित कारणों की गहन जांच कर रही है। साथ ही आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है। मृतक के परिजनों से पूछताछ जारी है।


एक ही परिवार के चार लोगों की मौत के बाद गोसाईंपुरवा गांव में मातम पसरा हुआ है। देर रात तक गांव में भारी पुलिस बल तैनात रहा, जबकि फोरेंसिक टीम घटनास्थल से महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाने में लगी रही। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही घटना के वास्तविक कारणों का खुलासा किया जाएगा।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.