बलरामपुर जिलें के लोगों की वर्षों पुरानी जाम की समस्या से जल्द राहत मिलने की उम्मीद है। बहराइच मार्ग स्थित झारखंडी रेलवे क्रॉसिंग पर प्रस्तावित 394 करोड़ रुपये की लागत वाले ओवरब्रिज के निर्माण कार्य की प्रक्रिया तेज हो गई है। कार्यदायी संस्था ने पिलरों की नींव के लिए मिट्टी और भूगर्भीय जलस्तर की जांच शुरू कर दी है।
निर्माण कार्य से पहले बिजली के खंभे, तार और ट्रांसफार्मर शिफ्ट करने की तैयारी भी शुरू हो गई है। इसके लिए सेतु निगम ने बिजली विभाग को सुपरविजन शुल्क जमा कर दिया है। वहीं निर्माण में बाधा बन रहे अतिक्रमण को हटाने के लिए प्रशासन ने भी टीम गठित कर कार्रवाई की तैयारी शुरू कर दी है।
यह ओवरब्रिज बहराइच मार्ग के पीपल तिराहा से शुरू होकर तुलसीपुर रोड स्थित जिला मेमोरियल अस्पताल के पास उतरेगा। भूमिगत पाइपलाइन और केबल का सर्वे भी पूरा कर लिया गया है, ताकि निर्माण के दौरान किसी तरह की परेशानी न हो।
गोंडा-गोरखपुर रेलवे लाइन पर दिनभर फाटक बंद होने से शहर में अक्सर लंबा जाम लगता है। ओवरब्रिज बनने के बाद जिला मुख्यालय और प्रमुख सरकारी कार्यालयों तक आवागमन आसान होगा तथा करीब सवा लाख लोगों को ट्रैफिक जाम से स्थायी राहत मिलने की उम्मीद है। परियोजना को दो वर्ष में पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।
