बलरामपुर जिलें में उत्तर प्रदेश लेखपाल संघ की अनिश्चितकालीन हड़ताल गुरुवार को तीसरे दिन भी जारी रही। सदर तहसील में लेखपालों के कार्य बहिष्कार के कारण राजस्व संबंधी कार्य प्रभावित हो गए हैं, जिससे आम लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
हड़ताल के चलते आय, जाति और निवास प्रमाण पत्र सहित कई महत्वपूर्ण मामलों का निस्तारण रुका हुआ है। लेखपालों की रिपोर्ट लंबित होने से सैकड़ों आवेदन अटक गए हैं। सबसे अधिक परेशानी छात्रों, प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों और विभिन्न सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों को हो रही है, जिन्हें जरूरी प्रमाण पत्र समय पर नहीं मिल पा रहे हैं।
यह भी पढ़ें : बलरामपुर में महिला को ब्लैकमेल कर रंगदारी मांगने का मामला, आरोपी गिरफ्तार
लेखपाल संघ का कहना है कि उनकी छह सूत्रीय मांगों का अब तक समाधान नहीं किया गया है। इसी के विरोध में 28 जुलाई से शुरू किया गया कार्य बहिष्कार लगातार जारी है। धरना स्थल पर जुटे लेखपालों ने प्रशासन से जल्द सकारात्मक निर्णय लेने की मांग की।
संघ की प्रमुख मांगों में एक अधिकारी द्वारा किए गए कथित दुर्व्यवहार के मामले में सार्वजनिक माफी, निलंबन आदेश वापस लेने, पात्र कर्मचारियों को लंबित एसीपी का लाभ देने, फार्मर रजिस्ट्री से जुड़े आदेशों में संशोधन, जीपीएफ की प्रक्रिया पूरी कराने तथा लंबित देयकों और एरियर का भुगतान शामिल है।
यह भी पढ़ें: बलरामपुर में यूरिया के लिए किसानों को करना पड़ रहा ऐसा काम, देखकर आप भी रह जाएंगे हैरान
लेखपालों ने स्पष्ट किया है कि जब तक उनकी सभी मांगों पर निर्णय नहीं लिया जाता, तब तक कार्य बहिष्कार और धरना जारी रहेगा। वहीं, आम नागरिकों ने प्रशासन से जल्द समाधान निकालकर तहसील की व्यवस्था सामान्य करने की मांग की है।
