बलरामपुर जिलें में कोतवाली नगर पुलिस ने महिला को अश्लील फोटो सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी देकर रंगदारी मांगने के मामले का खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी पर एडिट की गई आपत्तिजनक तस्वीरों के जरिए महिला को ब्लैकमेल कर 5 लाख रुपये की मांग करने का आरोप है।
पुलिस के अनुसार, जून माह में एक महिला ने शिकायत दर्ज कराई थी कि अज्ञात व्यक्ति अलग-अलग मोबाइल नंबरों से फोन और संदेश भेजकर उसकी एडिट की गई अश्लील तस्वीरें वायरल करने की धमकी दे रहा है। साथ ही रुपये नहीं देने पर जान से मारने की धमकी भी दी जा रही थी। शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
यह भी पढ़ें : बलरामपुर में यूरिया के लिए किसानों को करना पड़ रहा ऐसा काम, देखकर आप भी रह जाएंगे हैरान
पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में गठित टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और विवेचना के आधार पर आरोपी की पहचान कर उसे नहर बालागंज रोड के पास से गिरफ्तार कर लिया। जांच के दौरान मिले साक्ष्यों के आधार पर मुकदमे में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की अन्य धाराओं के साथ आईटी एक्ट की धारा 67A भी जोड़ी गई है।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी कर उसे न्यायालय भेज दिया है। अधिकारियों ने बताया कि महिला अपराध और साइबर ब्लैकमेलिंग से जुड़े मामलों में सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।
