बलरामपुर में शादी के दो महीने बाद नवविवाहित दंपती की संदिग्ध मौत, जांच में जुटी पुलिस

बलरामपुर जिले के श्रीदत्तगंज थाना क्षेत्र के धहरोरा गांव में रविवार को नवविवाहित दंपती की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से सनसनी फैल गई। शादी के महज दो महीने बाद हुई इस घटना से परिवार में मातम छा गया है। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।





पुलिस के अनुसार, सूचना मिलने पर टीम धहरोरा गांव पहुंची, जहां एक कमरे का दरवाजा अंदर से बंद मिला। ग्रामीणों की मदद से दरवाजा तोड़ने पर 24 वर्षीय राकेश का शव कमरे में मिला, जबकि उसकी 21 वर्षीय पत्नी रोशनी अचेत अवस्था में पड़ी थी।


परिजनों ने रोशनी को तुरंत प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसकी गंभीर हालत देखते हुए गोंडा मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। हालांकि, इलाज के लिए ले जाते समय रास्ते में उसकी भी मौत हो गई। वहीं, डॉक्टरों ने राकेश को मौके पर ही मृत घोषित कर दिया।


परिजनों के मुताबिक, राकेश और रोशनी का विवाह इसी वर्ष 21 मई को हुआ था। शादी के कुछ ही समय बाद दोनों की मौत से गांव में शोक का माहौल है।


अपर पुलिस अधीक्षक विशाल पांडेय ने बताया कि राकेश के शव का पोस्टमार्टम बलरामपुर और रोशनी के शव का पोस्टमार्टम गोंडा में कराया जा रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.