बलरामपुर जिलें में सादुल्लानगर थाना क्षेत्र के नेवादा गांव में शनिवार शाम पुलिस ने साहस और तत्परता का परिचय देते हुए 15 से 20 फीट गहरे सुरंगनुमा गड्ढे में फंसे एक युवक को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। समय पर किए गए रेस्क्यू और प्राथमिक उपचार से युवक की जान बच गई।
पुलिस के अनुसार, नेवादा गांव निवासी 35 वर्षीय रामविलास अपने पुराने मिट्टी के मकान के भीतर बने गहरे सुरंगनुमा गड्ढे में फंस गए थे। गड्ढे के ऊपर भारी मलबा होने के कारण किसी भी समय उसके ढहने का खतरा बना हुआ था। सूचना मिलते ही थाना सादुल्लानगर पुलिस मौके पर पहुंची और तत्काल बचाव अभियान शुरू किया।
रेस्क्यू के दौरान सुरंग के भीतर से हल्की आवाज सुनाई देने पर हेड कांस्टेबल अमजद खान जोखिम उठाकर संकरी सुरंग में उतरे। अन्य पुलिसकर्मियों की मदद से मलबा हटाकर रामविलास तक पहुंच बनाई गई और उन्हें सुरक्षित बाहर निकाला गया।
बाहर निकालने के बाद पुलिस ने युवक को तत्काल सीपीआर देकर प्राथमिक उपचार दिया और एंबुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सादुल्लानगर भेजा। चिकित्सकों के मुताबिक समय पर रेस्क्यू और उपचार मिलने से उनकी हालत अब स्थिर है और वे खतरे से बाहर हैं।
इस अभियान में थानाध्यक्ष सत्येंद्र वर्मा, उपनिरीक्षक दुर्गेश तिवारी, हेड कांस्टेबल अमजद खान, कांस्टेबल उमेश पासवान और हरि गोविंद की अहम भूमिका रही। स्थानीय लोगों ने पुलिस टीम की तत्परता और साहस की सराहना की। सीओ उतरौला डॉ. जितेंद्र कुमार ने बताया कि पुलिस की त्वरित कार्रवाई से एक बड़ा हादसा टल गया और युवक की जान बचाई जा सकी।
