बलरामपुर में आकाशीय बिजली गिरने से 15 वर्षीय किशोर की मौत, परिवार में शोक

बलरामपुर जिलें में गुरुवार शाम हुई बारिश के दौरान आकाशीय बिजली गिरने से एक 15 वर्षीय किशोर की दर्दनाक मौत हो गई। घटना तुलसीपुर विकासखंड की ग्राम पंचायत सिंगाही के मजरा सिंगरौरा की है। हादसे के बाद परिवार में मातम छा गया और पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।





जानकारी के अनुसार, बाबूलाल वर्मा का पुत्र आतीश कुमार खेत में काम कर रहा था। शाम करीब 4:30 बजे तेज गर्जना के साथ बिजली गिरी, जिसकी चपेट में आने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई।


घटना की सूचना मिलते ही परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक किशोर दम तोड़ चुका था। बेटे की असमय मौत से परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। ग्रामीणों ने बताया कि आतीश छह बहनों और दो भाइयों में सबसे बड़ा था। उसकी सभी बहनों की शादी हो चुकी है और परिवार में अब उससे छोटा भाई विपिन वर्मा है।


क्षेत्रीय लेखपाल अजय सिंह ने बताया कि घटना की सूचना संबंधित अधिकारियों को भेज दी गई है। वहीं, एसडीएम राकेश कुमार जयंत ने बताया कि आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।


उधर, जिले के रेहरा बाजार, श्रीदत्तगंज और आसपास के क्षेत्रों में हुई बारिश किसानों के लिए राहत लेकर आई। किसानों का कहना है कि खेतों में पर्याप्त पानी भरने से धान की रोपाई का कार्य अब तेज़ी से किया जा सकेगा।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.