मां पाटेश्वरी विश्वविद्यालय के स्थायी परिसर से प्रशासनिक कार्य शुरू, वैदिक मंत्रोच्चार के बीच हुआ शुभारंभ

बलरामपुर जिलें के कोयलरा में नवनिर्मित मां पाटेश्वरी विश्वविद्यालय ने शनिवार को अपनी विकास यात्रा में एक अहम पड़ाव हासिल करते हुए स्थायी परिसर से प्रशासनिक कार्यों का औपचारिक शुभारंभ कर दिया। वैदिक मंत्रोच्चार, पूजा-अर्चना और मंगलाचरण के साथ शक्तिपीठ देवीपाटन मंदिर के पीठाधीश्वर महंत मिथलेश नाथ योगी जी महाराज तथा कुलपति प्रो. रविशंकर सिंह ने नवनिर्मित प्रशासनिक भवन का उद्घाटन किया।





शुभारंभ के बाद विश्वविद्यालय के सभी प्रशासनिक कार्य नए भवन से संचालित होने लगे। कुलपति प्रो. रविशंकर सिंह ने इसे विश्वविद्यालय के विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि बताते हुए कहा कि स्थायी परिसर से संचालन शुरू होने पर प्रशासनिक व्यवस्था अधिक प्रभावी, पारदर्शी और सुव्यवस्थित होगी। इससे विद्यार्थियों, शोधार्थियों और शिक्षकों को बेहतर शैक्षणिक एवं प्रशासनिक सुविधाएं मिलेंगी।


यह भी पढ़ें : मां पाटेश्वरी विश्वविद्यालय में गेस्ट फैकल्टी भर्ती के लिए आवेदन शुरू, 3 अगस्त तक करें आवेदन


उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय शिक्षा, शोध, नवाचार और भारतीय सांस्कृतिक मूल्यों के समन्वय के साथ निरंतर आगे बढ़ रहा है। आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित स्थायी परिसर भविष्य में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, अनुसंधान और नवाचार का प्रमुख केंद्र बनेगा। विश्वविद्यालय प्रशासन का मानना है कि यह नई शुरुआत उच्च शिक्षा के क्षेत्र में संस्थान को नई पहचान दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.