Balrampur News : मां पाटेश्वरी विश्वविद्यालय, बलरामपुर ने शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए विभिन्न विषयों में गेस्ट फैकल्टी की नियुक्ति प्रक्रिया शुरू कर दी है। विश्वविद्यालय प्रशासन ने इच्छुक एवं पात्र अभ्यर्थियों से आवेदन आमंत्रित किए हैं। आवेदन प्रक्रिया 18 जुलाई से शुरू हो गई है और अभ्यर्थी 3 अगस्त 2026 तक आवेदन कर सकते हैं।
विश्वविद्यालय की ओर से जारी जानकारी के अनुसार, विभिन्न शैक्षणिक कार्यक्रमों के लिए विषयवार गेस्ट फैकल्टी का चयन किया जाएगा। इसके लिए निर्धारित योग्यता रखने वाले अभ्यर्थी आवेदन कर सकेंगे।
यह भी पढ़ें : मां पाटेश्वरी विश्वविद्यालय के स्थायी परिसर से प्रशासनिक कार्य शुरू, वैदिक मंत्रोच्चार के बीच हुआ शुभारंभ
पात्र उम्मीदवारों का चयन वॉक-इन इंटरव्यू के माध्यम से किया जाएगा। प्रारंभिक चरण में प्रत्येक विभाग में अधिकतम चार अतिथि प्रवक्ताओं की नियुक्ति की जाएगी, हालांकि विश्वविद्यालय की आवश्यकता के अनुसार यह संख्या घटाई या बढ़ाई जा सकती है।
आवेदन के लिए संबंधित विषय में कम से कम 55 प्रतिशत अंकों के साथ स्नातकोत्तर होना अनिवार्य है। साथ ही अभ्यर्थी के पास यूजीसी/सीएसआईआर नेट, जेआरएफ या संबंधित विषय में पीएचडी की योग्यता होना आवश्यक है। इंटरव्यू की तिथि, समय और स्थान की जानकारी आवेदन प्रक्रिया समाप्त होने के लगभग एक सप्ताह बाद विश्वविद्यालय की आधिकारिक वेबसाइट पर जारी की जाएगी।
साक्षात्कार के दौरान अभ्यर्थियों को आवेदन पत्र, सभी शैक्षणिक प्रमाण पत्र, अंकपत्र, जन्मतिथि प्रमाण पत्र, नेट/जेआरएफ/पीएचडी प्रमाण पत्र (यदि लागू हो), जाति प्रमाण पत्र, तीन पासपोर्ट आकार के फोटो तथा मूल दस्तावेजों के साथ उनकी स्व-सत्यापित प्रतियां प्रस्तुत करनी होंगी। चयनित अभ्यर्थियों को मानदेय यूजीसी और उत्तर प्रदेश उच्च शिक्षा विभाग के नियमानुसार दिया जाएगा।
विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. रविशंकर सिंह ने बताया कि विश्वविद्यालय के स्थायी परिसर से संचालन शुरू होने से बलरामपुर, गोंडा, बहराइच और श्रावस्ती के विद्यार्थियों को सबसे अधिक लाभ मिलेगा। इन चार जिलों के 182 संबद्ध महाविद्यालयों के हजारों छात्र-छात्राओं को अब परीक्षा, शोध, शैक्षणिक और प्रशासनिक सुविधाएं एक ही परिसर से मिल सकेंगी, जिससे क्षेत्र में उच्च शिक्षा को नई दिशा मिलेगी।
प्रशासन ने बताया कि आवेदन प्रक्रिया, पात्रता, आवश्यक दस्तावेज और अन्य दिशा-निर्देश विश्वविद्यालय की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध कराए गए हैं। अभ्यर्थियों से समय सीमा के भीतर आवेदन करने की अपील की गई है।
