बलरामपुर जिलें के इस गांव में आज तक नहीं बना पुल, हर साल चंदा और श्रमदान से बांस का पुल बनाते हैं ग्रामीण

बलरामपुर जिलें में तुलसीपुर तहसील के अमरहवा गांव के पास स्थित खरझार पहाड़ी नाले पर आज तक स्थायी पुल नहीं बन सका है। हर साल बरसात शुरू होते ही यहां का संपर्क मुख्य मार्ग से लगभग तीन महीने के लिए टूट जाता है। इससे 20 से अधिक गांवों की करीब 20 हजार आबादी को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है।





संपर्क टूटने की इस समस्या से निपटने के लिए ग्रामीण हर वर्ष खुद ही चंदा इकट्ठा करते हैं और श्रमदान कर बांस और लकड़ी का अस्थायी पुल तैयार करते हैं। इसी पुल के सहारे बच्चे स्कूल जाते हैं, किसान अपनी फसल बाजार तक पहुंचाते हैं और ग्रामीण रोजमर्रा के जरूरी कामों के लिए आवाजाही करते हैं।


ग्रामीण शिवशंकर का कहना है कि स्थायी पुल की मांग वर्षों से प्रशासन और जनप्रतिनिधियों से की जा रही है, लेकिन हर बार सिर्फ आश्वासन मिला। मजबूरी में गांव के लोग हर साल अपने खर्च और मेहनत से अस्थायी पुल तैयार करते हैं।


ग्रामीण प्रहलाद बताते हैं कि सबसे बड़ी मुश्किल तब आती है, जब किसी की अचानक तबीयत खराब हो जाती है। एंबुलेंस गांव तक नहीं पहुंच पाती, इसलिए मरीजों को चारपाई पर लिटाकर बांस के पुल से नाला पार कराया जाता है। बरसात के तेज बहाव में यह सफर जान जोखिम में डालने जैसा होता है।


ग्राम प्रधान गवोधर ने बताया कि खरझार पहाड़ी नाले पर स्थायी पुल और संपर्क मार्ग बनाने की मांग कई बार प्रशासन और जनप्रतिनिधियों के सामने रखी गई, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। इस साल भी ग्रामीणों ने अपने स्तर पर अस्थायी पुल का निर्माण शुरू कर दिया है।


ग्रामीणों का कहना है कि यह पुल केवल आने-जाने का रास्ता नहीं, बल्कि 20 गांवों की शिक्षा, स्वास्थ्य, खेती और रोजगार की जीवनरेखा है। उनका कहना है कि यदि यहां स्थायी पुल बन जाए तो बरसात में हर साल होने वाली परेशानी हमेशा के लिए खत्म हो सकती है।


SEO Keywords: Balrampur News, Amarhawa Village News, Kharjhar Pahadi Nala Bridge, Tulsipur News, Balrampur Bridge News, Uttar Pradesh Village News, Balrampur Rural News, 20 Villages Bridge Problem.

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.