बलरामपुर में लगातार हो रही बारिश और अत्यधिक भारी वर्षा के रेड अलर्ट को देखते हुए जिला प्रशासन ने लोगों से विशेष सतर्कता बरतने की अपील की है। जिलाधिकारी डॉ. विपिन कुमार जैन ने कहा कि फिलहाल जिले में बाढ़ की स्थिति नहीं है, लेकिन लगातार बारिश को देखते हुए प्रशासन पूरी तरह अलर्ट है।
26 सितम्बर यानी शनिवार सुबह 11 बजे राप्ती नदी का जलस्तर 103.040 मीटर दर्ज किया गया। नदी का चेतावनी स्तर 103.620 मीटर और खतरे का निशान 104.620 मीटर है। यानी राप्ती नदी खतरे के निशान से 1.58 मीटर नीचे बह रही है। जिले में शनिवार को 56.59 मिमी बारिश दर्ज की गई।
प्रशासन द्वारा राप्ती नदी के जलस्तर, तटबंधों, निचले इलाकों और संवेदनशील क्षेत्रों की लगातार निगरानी की जा रही है। अधिकारियों को किसी भी आपात स्थिति में तत्काल राहत और बचाव कार्य सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
इन बातों का रखें ध्यान
भारी बारिश के दौरान अनावश्यक रूप से घर से बाहर निकलने से बचें। नदी, नाले, तालाब, जलभराव वाले क्षेत्रों और तेज बहाव वाले स्थानों के पास न जाएं। जलमग्न सड़क, पुल या पुलिया को पार करने की कोशिश न करें।
आकाशीय बिजली के दौरान खुले मैदान, खेत, पेड़ या ऊंचे स्थानों पर खड़े न हों। बिजली के खंभों, ट्रांसफार्मर और टूटे हुए तारों से दूरी बनाए रखें। कमजोर या जर्जर मकानों में रहने वाले लोग सुरक्षित स्थान पर चले जाएं।
वाहन चालक बारिश के दौरान गति नियंत्रित रखें और कम दृश्यता या जलभराव वाली सड़कों पर विशेष सावधानी बरतें। जलमग्न पुल-पुलियों से वाहन निकालने का जोखिम न लें।
किसानों को भी भारी बारिश और आकाशीय बिजली की चेतावनी के दौरान खेतों में जाने से बचने की सलाह दी गई है। नदी किनारे और निचले इलाकों में रहने वाले लोग जलस्तर बढ़ने की स्थिति में तत्काल प्रशासन को सूचना दें।
प्रशासन ने लोगों से सोशल मीडिया पर प्रसारित अफवाहों और अपुष्ट सूचनाओं पर भरोसा न करने तथा केवल अधिकृत सरकारी सूचनाओं का पालन करने की अपील की है।
यह भी पढ़ें : बलरामपुर जिलें में भारी बारिश के रेड अलर्ट के चलते 26 सितंबर को सभी स्कूल बंद
आपात स्थिति में यहां करें संपर्क
किसी भी आपदा, जलभराव या सहायता की आवश्यकता होने पर जिला आपदा कंट्रोल रूम के नंबर 05263-1077 और 9170277336 पर संपर्क किया जा सकता है। पुलिस सहायता के लिए 112 और एंबुलेंस के लिए 108 पर कॉल करें।
जिलाधिकारी ने लोगों से अपील की है कि घबराएं नहीं, सतर्क रहें और अपनी व परिवार की सुरक्षा को प्राथमिकता दें।
