बलरामपुर में जिलाधिकारी डॉ. विपिन कुमार जैन ने सोमवार को निर्माणाधीन झारखंडी रेलवे ओवरब्रिज का निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माण कार्य की प्रगति के साथ यातायात और सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। डीएम ने परियोजना को निर्धारित समयसीमा के भीतर पूरा करने के लिए काम में तेजी लाने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान डीएम ने परियोजना से जुड़े सभी विभागों के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखने और पर्याप्त संसाधन व मैनपावर उपलब्ध कराने को कहा। उन्होंने विद्युत पोल शिफ्टिंग का काम भी प्राथमिकता के आधार पर जल्द पूरा कराने के निर्देश दिए, ताकि ओवरब्रिज निर्माण में किसी तरह की बाधा न आए।
डीएम ने निर्माण के दौरान यातायात व्यवस्था सुचारु रखने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्य के कारण सड़क पर जाम की स्थिति नहीं बननी चाहिए। इसके लिए सर्विस रोड के चौड़ीकरण और जरूरी सुधार कराने के निर्देश दिए गए। साथ ही निर्माण सामग्री और भारी मशीनरी को इस तरह रखने को कहा गया, जिससे वाहनों की आवाजाही प्रभावित न हो।
सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सख्त निर्देश
डीएम ने निर्माण स्थल पर सुरक्षा मानकों का पूरी तरह पालन कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि श्रमिकों के साथ राहगीरों और वाहन चालकों की सुरक्षा भी सर्वोच्च प्राथमिकता है। निर्माण क्षेत्र में पर्याप्त बैरिकेडिंग, चेतावनी एवं संकेतक बोर्ड लगाने और संवेदनशील स्थानों पर विशेष सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया।
यह भी पढ़ें : बलरामपुर के स्कूल में 6 साल की बच्ची की मौत, डीजे के तेज शोर से तबीयत बिगड़ने का दावा
उन्होंने अधिकारियों और कार्यदायी संस्था को निर्माण कार्य की नियमित निगरानी करने तथा गुणवत्ता, यातायात और सुरक्षा मानकों का लगातार ध्यान रखने के निर्देश दिए।
