बलरामपुर के माँ पाटेश्वरी विश्वविद्यालय की महिला वॉलीबॉल टीम अंतर विश्वविद्यालय प्रतियोगिता में हिस्सा लेने के लिए लखनऊ पहुंच गई है। इंटीग्रल विश्वविद्यालय में आयोजित इस प्रतियोगिता में मां पाटेश्वरी विश्वविद्यालय से संबद्ध चार महाविद्यालयों की 12 खिलाड़ी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगी।
गुरुवार को विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. रविशंकर सिंह ने टीम को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस दौरान उन्होंने खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाया और प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन कर विश्वविद्यालय का नाम रोशन करने की शुभकामनाएं दीं।
टीम में नंदिनी नगर महाविद्यालय, रघुकुल महिला महाविद्यालय, लाल बहादुर शास्त्री डिग्री कॉलेज और आचार्य नरेंद्र देव महाविद्यालय, बभनान की खिलाड़ी शामिल हैं। खिलाड़ियों के साथ उनके कोच भी मौजूद हैं।
यह भी पढ़ें: बलरामपुर के मां पाटेश्वरी विश्वविद्यालय में लगा लाइटनिंग सेंसर, 400 किमी तक मिलेगी आकाशीय बिजली की चेतावनी
प्रतियोगिता को लेकर खिलाड़ियों में खासा उत्साह है। इस मुकाबले में उन्हें दूसरे विश्वविद्यालयों की टीमों के साथ खेलने और अपनी खेल प्रतिभा साबित करने का अवसर मिलेगा। विश्वविद्यालय प्रशासन को टीम से अच्छे प्रदर्शन की उम्मीद है।
