बलरामपुर में शारदीय नवरात्रि और दशहरा पर्व को शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित तरीके से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन और पुलिस अलर्ट है। इसी क्रम में जिलाधिकारी डॉ. विपिन कुमार जैन और पुलिस अधीक्षक मार्तण्ड प्रकाश सिंह ने भारी पुलिस बल के साथ बलरामपुर नगर में फ्लैग मार्च किया। इस दौरान आमजन को सुरक्षा का भरोसा दिलाया गया।
फ्लैग मार्च के दौरान अधिकारियों ने स्थानीय व्यापारियों और आम लोगों से बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं और बेहतर व्यवस्था के लिए सुझाव भी लिए। पुलिस अधीक्षक ने लोगों से त्योहारों को आपसी भाईचारे, शांति और सौहार्द के साथ मनाने की अपील की। साथ ही, माहौल बिगाड़ने की कोशिश करने वाले शरारती तत्वों की सूचना तत्काल पुलिस को देने और त्योहार के दौरान प्रशासन का सहयोग करने की बात कही।
अधिकारियों ने बताया कि त्योहारों के दौरान सुरक्षा व्यवस्था मजबूत रखने के लिए महत्वपूर्ण स्थानों पर सादे कपड़ों में भी पुलिसकर्मियों की तैनाती की जाएगी। दुर्गा प्रतिमा विसर्जन जुलूस सहित अन्य महत्वपूर्ण अवसरों पर ड्रोन कैमरों और सीसीटीवी के माध्यम से निगरानी रखी जाएगी।
यह भी पढ़ें: बलरामपुर दुर्गा पंडाल हादसा: पीड़ित परिवारों से मिले डीएम और एसपी, हरसंभव मदद का दिया भरोसा
इसके अलावा, सोशल मीडिया पर भ्रामक अफवाहें फैलाने और भड़काऊ टिप्पणियां करने वालों पर भी साइबर एवं सोशल मीडिया सेल लगातार नजर रखेगी।
फ्लैग मार्च के दौरान क्षेत्राधिकारी नगर अभिषेक सिंह, कोतवाली नगर और कोतवाली देहात के प्रभारी निरीक्षक, महिला थाना प्रभारी सहित बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी मौजूद रहे।
