बलरामपुर में हाईटेक इंटरसेप्टर वाहनों की एंट्री, तेज रफ्तार और स्टंटबाजी पर अब होगी सख्त कार्रवाई

बलरामपुर जिलें में सड़क सुरक्षा को और मजबूत बनाने तथा यातायात नियमों का सख्ती से पालन सुनिश्चित कराने के लिए पुलिस विभाग ने नई पहल शुरू की है। पुलिस अधीक्षक विकास कुमार ने शुक्रवार शाम दो अत्याधुनिक दोपहिया इंटरसेप्टर वाहनों को हरी झंडी दिखाकर यातायात पुलिस को रवाना किया। इन वाहनों की मदद से तेज रफ्तार और नियमों का उल्लंघन करने वालों पर तत्काल कार्रवाई की जाएगी।





पुलिस विभाग के अनुसार ये हाईटेक इंटरसेप्टर वाहन उत्तर प्रदेश यातायात निदेशालय, लखनऊ से उपलब्ध कराए गए हैं। इनका मुख्य उद्देश्य सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाना, यातायात व्यवस्था को अधिक प्रभावी बनाना और नियम तोड़ने वाले वाहन चालकों के खिलाफ त्वरित प्रवर्तन कार्रवाई करना है।


यह भी पढ़ें: बलरामपुर में दिल दहला देने वाली घटना: एक ही परिवार के चार सदस्य मृत मिले, पुलिस हर पहलू की कर रही जांच



इंटरसेप्टर वाहनों के जरिए ओवरस्पीडिंग, रैश ड्राइविंग, स्टंट बाइकिंग, नशे की हालत में वाहन चलाने और तेज आवाज वाले मॉडिफाइड साइलेंसर का इस्तेमाल करने वाले वाहनों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी। नियमों का उल्लंघन करते पाए जाने पर मौके पर ही कार्रवाई की जाएगी।


वाहनों को रवाना करने के दौरान क्षेत्राधिकारी यातायात वीरसेन सिंह समेत यातायात पुलिस के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे। पुलिस का कहना है कि इन आधुनिक इंटरसेप्टर वाहनों की तैनाती से जिले में सड़क सुरक्षा को नई मजबूती मिलेगी और यातायात नियमों के पालन में भी सुधार होगा।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.