बलरामपुर जिलें के यात्रियों की सुविधा के लिए त्योहारी सीजन में रेलवे ने दो साप्ताहिक पूजा स्पेशल ट्रेनों के संचालन का फैसला किया है।
इन दोनों ट्रेनों का ठहराव तुलसीपुर स्टेशन पर होगा, जिससे दिल्ली, पंजाब और अन्य शहरों की यात्रा करने वाले यात्रियों को अतिरिक्त सुविधा मिलेगी।
गोरखपुर-शकूरबस्ती पूजा स्पेशल (05101) 4 अक्टूबर से प्रत्येक रविवार गोरखपुर से चलेगी। यह शाम 6:48 बजे तुलसीपुर पहुंचेगी और अगले दिन सुबह 11:05 बजे शकूरबस्ती पहुंचेगी। वापसी में ट्रेन (05102) 5 अक्टूबर से प्रत्येक सोमवार शकूरबस्ती से चलेगी और मंगलवार सुबह 5:22 बजे तुलसीपुर पहुंचेगी। दोनों दिशाओं में ट्रेन के 9-9 फेरे होंगे।
वहीं, बढ़नी-जालंधर सिटी पूजा स्पेशल (05005) 7 अक्टूबर से प्रत्येक बुधवार बढ़नी से रवाना होगी। यह दोपहर 3:48 बजे तुलसीपुर पहुंचेगी और अगले दिन सुबह 8:30 बजे जालंधर सिटी पहुंचेगी। वापसी में ट्रेन (05006) गुरुवार को जालंधर सिटी से चलेगी और शुक्रवार तड़के 3:55 बजे तुलसीपुर पहुंचेगी। इस ट्रेन के कुल 8 ट्रिप होंगे।
यह भी पढ़ें: बलरामपुर के स्कूल में छात्रों की पिटाई का आरोप, अभिभावक ने BSA से की शिकायत; वीडियो सौंपा
इन ट्रेनों के चलने से त्योहारी सीजन में दिल्ली और पंजाब जाने वाले यात्रियों, खासकर कामगारों को अतिरिक्त यात्रा विकल्प मिलेगा।
