बलरामपुर जिले में मंगलवार को विजयादशमी का पर्व हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। बड़ा परेड ग्राउंड में आयोजित 76वें दशहरा महोत्सव में भगवान श्रीराम के अग्निबाण चलाते ही रावण, कुंभकर्ण और मेघनाद के पुतलों का दहन किया गया। रात करीब 9 बजे हुए इस आयोजन के दौरान आतिशबाजी और जय श्रीराम के जयकारों से पूरा मैदान गूंज उठा।
दशहरा महोत्सव को लेकर बड़ा परेड ग्राउंड को आकर्षक ढंग से सजाया गया था। मेले में बच्चों, महिलाओं और परिवारों समेत बड़ी संख्या में लोग पहुंचे। शहर के अलावा ग्रामीण क्षेत्रों से भी लोग रावण दहन देखने आए। नगर पालिका परिषद की ओर से मंच की सजावट और आतिशबाजी की व्यवस्था की गई थी।
शहर में निकली भगवान श्रीराम की शोभायात्रा
कार्यक्रम से पहले नगर के सिटी पैलेस रोड से भगवान श्रीराम और वानर सेना की शोभायात्रा निकाली गई। शोभायात्रा बड़ा पुल, चौक, सब्जी मंडी, सराय फाटक, वीर विनय चौराहा और पीपल तिराहे से होते हुए बड़ा परेड ग्राउंड पहुंची। यहां भगवान श्रीराम का तिलक कर स्वागत किया गया। इसके बाद माल्यार्पण और आरती की गई।
राम-रावण युद्ध का मंचन बना आकर्षण
महोत्सव में राम-रावण युद्ध का मंचन दर्शकों के आकर्षण का प्रमुख केंद्र रहा। युद्ध के दृश्यों को देखकर लोग रोमांचित हो उठे। इसके बाद भगवान श्रीराम के अग्निबाण चलाते ही रावण, कुंभकर्ण और मेघनाद के पुतले धू-धू कर जल उठे। आतिशबाजी से आसमान रंगीन हो गया और मैदान जय श्रीराम के नारों से गूंजने लगा।
यह भी पढ़ें : बलरामपुर में 76वां दशहरा महोत्सव आज, 30 फीट ऊंचे रावण और कुंभकर्ण के पुतले का होगा दहन
पुतला दहन के बाद मैदान में मची अफरा-तफरी
रावण दहन के बाद जले हुए पुतलों की लकड़ियां और अन्य अवशेष लेने के लिए बड़ी संख्या में लोग मैदान में उतर पड़े। कुछ लोग रस्सियों के सहारे पुतलों को खींचकर गिराने लगे, जबकि कई लोग लकड़ियां तोड़कर ले जाने लगे। इस दौरान कुछ देर के लिए अफरा-तफरी की स्थिति बन गई। मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने भीड़ को नियंत्रित कर हालात संभाले।
76 वर्षों से आयोजित हो रहा दशहरा महोत्सव
बलरामपुर में दशहरा महोत्सव का आयोजन पिछले 76 वर्षों से किया जा रहा है। इस आयोजन में बलरामपुर राज परिवार, सनातन धर्म सभा, रामलीला समिति, शिवनाट्य कला मंडल का सहयोग रहता है। इस बार भी महोत्सव में बड़ी संख्या में लोगों ने पहुंचकर विजयादशमी का पर्व मनाया।
