बलरामपुर जिलें के देहात कोतवाली क्षेत्र के चरनगहिया बेलहा गांव में बीती रात हुए दर्दनाक सड़क हादसे के पीड़ितों के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आर्थिक सहायता की घोषणा की है। हादसे में जान गंवाने वाले तीन लोगों के परिजनों को मुख्यमंत्री राहत कोष से 2-2 लाख रुपये और घायल चार लोगों को 50-50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता दी जाएगी। जिला प्रशासन ने सहायता उपलब्ध कराने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
जिलाधिकारी डॉ. विपिन कुमार जैन ने बताया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने घटना का संज्ञान लेते हुए हादसे पर गहरा दुख व्यक्त किया है। मुख्यमंत्री की घोषणा के क्रम में मृतकों के परिजनों को आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने के लिए आवश्यक कार्रवाई की जा रही है, ताकि उन्हें जल्द राहत मिल सके।
गौरतलब है कि शनिवार रात ग्राम चरनगहिया बेलहा में दुर्गा मंदिर के सामने सड़क किनारे टेंट में प्रोजेक्टर के माध्यम से वीडियो देख रहे ग्रामीणों को तेज रफ्तार अनियंत्रित कार ने कुचल दिया था। इस हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि चार अन्य घायल हो गए। सभी घायलों का इलाज जिला मेमोरियल चिकित्सालय, बलरामपुर में किया जा रहा है। वहीं, मृतकों का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है।
यह भी पढ़ें: बलरामपुर में दुर्गा पंडाल के बाहर दर्दनाक हादसा, कार की टक्कर से 3 ग्रामीणों की मौत, 4 घायल
घायलों को बेहतर इलाज उपलब्ध कराने के निर्देश
जिलाधिकारी ने घायलों को समुचित और बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। अपर जिलाधिकारी संदीप केला ने जिला मेमोरियल चिकित्सालय पहुंचकर घायलों से मुलाकात की और उनके स्वास्थ्य व उपचार की स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने संबंधित चिकित्सकों को घायलों का बेहतर इलाज सुनिश्चित करने तथा आवश्यक चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
पीड़ित परिवारों के साथ खड़ा है जिला प्रशासन
जिलाधिकारी डॉ. विपिन कुमार जैन ने हादसे में हुई जनहानि पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना प्रकट की। उन्होंने कहा कि इस दुख की घड़ी में जिला प्रशासन पीड़ित परिवारों के साथ है। मृतकों के परिजनों को आर्थिक सहायता दिलाने के साथ ही घायलों के समुचित उपचार और पीड़ित परिवारों को हरसंभव मदद उपलब्ध कराने के लिए प्रशासन प्रतिबद्ध है।
