बलरामपुर जिलें के पचपेड़वा में पुरानी रंजिश में दो युवकों से मारपीट, वीडियो वायरल होने पर चार आरोपी गिरफ्तार

बलरामपुर जिले के पचपेड़वा थाना क्षेत्र के जुड़ीकुइया बाजार में पुरानी रंजिश को लेकर दो युवकों के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए चार नामजद आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।





पुलिस के मुताबिक, जुड़ीकुइया निवासी आरती देवी पत्नी नंदलाल ने 19 अक्टूबर को पचपेड़वा थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने आरोप लगाया कि उनका बेटा शत्रुघ्न और उसका दोस्त जमशेद 17 अक्टूबर को जुड़ीकुइया बाजार गए थे। इसी दौरान डॉ. इस्तियाक अहमद के अस्पताल के सामने पुरानी रंजिश को लेकर कुछ लोगों ने दोनों के साथ गाली-गलौज की और मारपीट शुरू कर दी।




आरोप है कि हमलावरों ने शत्रुघ्न और जमशेद को लात-घूंसों, थप्पड़ों और बेल्ट से पीटा। साथ ही उन्हें जान से मारने की धमकी भी दी। घटना का करीब 10 सेकंड का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला चर्चा में आया।


एसपी के निर्देश पर हुई कार्रवाई

मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी मार्तंड प्रकाश सिंह ने आरोपियों की गिरफ्तारी के निर्देश दिए। इसके बाद प्रभारी निरीक्षक राजकुमार सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मंगलवार दोपहर करीब 12:30 बजे चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।


यह भी पढ़ें: बलरामपुर में तालाब में फंसी फिशिंग कैट, वन विभाग ने नाव से पहुंचकर किया रेस्क्यू 



गिरफ्तार आरोपियों की पहचान विकास, रजत सिंह पुत्र गण जगतपाल सिंह, राहुल यादव पुत्र श्यामलाल यादव और प्रभात सिंह पुत्र राज के रूप में हुई है। चारों आरोपी पचपेड़वा थाना क्षेत्र के डुमरी त्रिलोकपुर गांव के निवासी बताए गए हैं।


पुलिस ने बताया कि मामले में आरोपियों के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.