बलरामपुर में दुर्गा प्रतिमा विसर्जन को लेकर प्रशासन अलर्ट, सुरक्षा और यातायात के कड़े इंतजाम

बलरामपुर में शारदीय नवरात्रि के समापन के बाद मंगलवार, 20 अक्टूबर को बलरामपुर जिले में दुर्गा प्रतिमाओं का विसर्जन किया जाएगा। विसर्जन कार्यक्रम को शांतिपूर्ण और सुरक्षित ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन और पुलिस ने तैयारियां पूरी कर ली हैं। सुरक्षा व्यवस्था, भीड़ नियंत्रण और यातायात को सुचारु बनाए रखने के लिए विशेष इंतजाम किए गए हैं।






दुर्गा प्रतिमा विसर्जन की तैयारियों का जायजा लेने के लिए जिलाधिकारी डॉ. विपिन कुमार जैन और पुलिस अधीक्षक मार्तंड प्रकाश सिंह ने ललिया और पचपेड़वा क्षेत्र के विसर्जन स्थलों का निरीक्षण किया। इस दौरान साफ-सफाई, बैरिकेडिंग, प्रकाश व्यवस्था, श्रद्धालुओं के आवागमन और पुलिस बल की तैनाती का जायजा लिया गया। अधिकारियों ने संबंधित कर्मचारियों को सभी व्यवस्थाएं समय से दुरुस्त रखने के निर्देश दिए।



पुलिस प्रशासन को संवेदनशील स्थानों पर विशेष सतर्कता बरतने और भीड़ को नियंत्रित रखने के लिए कहा गया है। अधिकारियों ने पचपेड़वा कस्बे में पैदल मार्च कर सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण किया और लोगों से आपसी भाईचारे के साथ त्योहार मनाने की अपील की।


यह भी पढ़ें: बलरामपुर में दुर्गा पूजा और दशहरे को लेकर प्रशासन अलर्ट, डीएम-एसपी ने पुलिस बल के साथ किया फ्लैग मार्च



प्रतिमा विसर्जन के मद्देनजर यातायात पुलिस ने 20 अक्टूबर को सुबह आठ बजे से विसर्जन समाप्त होने तक विशेष डायवर्जन लागू किया है। इसके तहत तुलसीपुर से आने वाले वाहनों को सिसई घाट के पास रोककर बेलहा मोड़ से गैंड़ास बुजुर्ग, बहराइच, गोंडा और उतरौला की ओर भेजा जाएगा।



बहराइच से तुलसीपुर जाने वाले वाहनों को सेखुइया तिराहे पर रोका जाएगा, जबकि उतरौला और गोंडा जाने वाले वाहन बाईपास से गुजरेंगे। गोंडा से तुलसीपुर जाने वाले वाहनों को फूलवरिया बाईपास से उतरौला रोड की ओर भेजा जाएगा।


यह भी पढ़ें: बलरामपुर में 76वां दशहरा महोत्सव आज, 30 फीट ऊंचे रावण और कुंभकर्ण के पुतले का होगा दहन 



वहीं, उतरौला से तुलसीपुर जाने वाले वाहनों को चुंगी नाका और नहर वाला गंज के पास रोका जाएगा। बहराइच और गोंडा की ओर जाने वाले वाहनों को बाईपास से निकाला जाएगा।



प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि विसर्जन के दौरान निर्धारित यातायात व्यवस्था का पालन करें और पुलिस का सहयोग करें, ताकि त्योहार शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो सके।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.