बलरामपुर जिले के गैंडास बुजुर्ग थाना क्षेत्र के ग्राम इटईरामपुर के पास मंगलवार शाम करीब छह बजे सड़क हादसे में बाइक चालक इटईरामपुर के मजरे गड़हिया निवासी एहतेशाम (14) की मौत हो गई। वहीं बाइक पर बैठा दूसरा किशोर कान्हे (13) घायल हो गया। उसका इलाज निजी अस्पताल में कराया जा रहा है।
यह भी पढ़ें 👉 बलरामपुर में गन्ने के खेत में मिला तीन दिन से लापता महिला का शव, जांच में जुटी पुलिस
गैड़ास बुजुर्ग क्षेत्र के ग्राम इटईरामपुर के मजरा गड़रहिया निवासी सफीउल्लाह ने बताया कि उनका 14 वर्षीय बेटा एहतेशाम बाइक से गांव के विष्णु चौहान के 13 वर्षीय पुत्र कान्हे के साथ मंगलवार की शाम करीब छह बजे चप्पल लेने धुसवा बाजार जा रहा था। तभी भट्ठा से आ रहे तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। घटना में दोनों घायल हो गए। दोनों को धुसवा बाजार के निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सक ने एहतेशाम को मृत घोषित कर दिया।
कान्हे का उपचार कराया जा रहा है। दोनों किशोर हेलमेट नहीं पहने थे। सफीउल्लाह ने बताया कि बेटे की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। लोगों का रो-रोकर हाल बेहाल है। थानाध्यक्ष गैड़ास बुजुर्ग राजीव कुमार मिश्र ने बताया कि जानकारी हुई है। जांच की जा रही है।